Breaking
14 Feb 2026, Sat

kalchakranews24 राजिम के शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय को मिली नई सौगात, उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने किया विज्ञान भवन का लोकार्पण

रानुप्रिया(रायपुर):- शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजिम में शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने और छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने की दिशा में महाविद्यालय परिसर के निकट विज्ञान भवन का निर्माण किया गया है। इस नवनिर्मित विज्ञान भवन का शनिवार को गरिमामय समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में छग स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीश यादव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुश्री छाया राही, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, नगर पंचायत सभापति कुलेश्वर साहू, जन-भागीदारी समिति के सदस्यगण संजीव साहू, ओमकार साहू, पार्षद भरत यादव, पार्षद आकाश राजपूत, सरपंच संघ अध्यक्ष हरीश साहू, मधुबाला रात्रे, आशीष साहू, मधु नत्थानी, देवकी साहू, किशोर न्याय बोर्ड सदस्य खुशी साहू आदि शामिल हुए। महाविद्यालय पहुंचने पर मंत्री टंकराम वर्मा व अतिथियों का एनसीसी कैडेट्स द्वारा सलामी दी गई। उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने महाविद्यालय परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक विज्ञान भवन का लोकार्पण किया।

​इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री टंकराम वर्मा ने फीता काटकर और शिलापट अनावरण कर विज्ञान भवन महाविद्यालय को समर्पित किया। इस नए भवन के बन जाने से अब विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और आधुनिक कक्षाओं का लाभ मिल सकेगा। ​लोकार्पण समारोह के पश्चात, महाविद्यालय परिसर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मंत्री टंकराम वर्मा ने महाविद्यालय की विभिन्न परीक्षाओं और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उक्त कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और छग राज्य गीत के माध्यम से हुई। संस्था की प्राचार्य डॉ सविता मिश्रा ने महाविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के इतिहास पर प्रकाश डाला और महाविद्यालय की आवश्यकताओं को मंत्री के संज्ञान में लाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि शिक्षा ही प्रगति का मूल आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के सपने को साकार करने सभी के सहयोग की बात कही। उन्होंने कहा कि सपने देखना बहुत जरूरी है आप कुछ बनने की सपना देखेंगे तो उस सपने को पूरा करने के लिए कार्य करेंगे। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों में असीम प्रतिभा है बस उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधनों की आवश्यकता है जिसे सरकार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।विज्ञान के बिना आधुनिक शिक्षा अधूरी है। नवनिर्मित विज्ञान भवन छात्रों को प्रयोगशालाओं और अनुसंधान के बेहतर अवसर प्रदान करेगा जिससे वे वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर देश के विकास में योगदान देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और ग्रामीण अंचलों तक उच्च शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई शिक्षा नीति के तहत कौशल विकास और व्यावहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मंत्री जी ने कहा, आप सभी छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं। मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। आप केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहें। आज का सम्मान आपके भविष्य के लिए और भी बड़ी उपलब्धियों की नींव रखेगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने महाविद्यालय के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान भवन के लोकार्पण से क्षेत्र के युवाओं का वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा। शिक्षा चरित्र निर्माण और कौशल विकास का जरिया है। आज हमारे युवा तकनीकी और वैज्ञानिक शिक्षा के दम पर देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। विज्ञान भवन का लोकार्पण राजिम के छात्रों के सपनों को पंख देगा। ​कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्री चंदूलाल साहू ने भी अपने संबोधन में कॉलेज की विकास यात्रा और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कॉलेज के उपलब्धि में सभी छात्र छात्राओं को योगदान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और न केवल अपने परिवार, बल्कि राजिम और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। शिक्षा के क्षेत्र में जो भी आवश्यकताएं होंगी उनका समाधान हम सब मिलकर करेंगे। जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष सुश्री छाया राही ने भी समारोह को संबोधित करते हुए नए भवन के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

​समारोह में कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा किया गया।


इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *