रानुप्रिया(रायपुर):- होली के पावन पर्व के अवसर पर ग्राम श्यामनगर में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार वयोवृद्ध जनों द्वारा पारंपरिक कुहकी डंडा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। ग्राम के लगभग 70 से 80 वर्ष आयु के बुजुर्ग बृजलाल साहू, पुनित साहू, श्यामू निषाद, श्यामलाल निषाद, थानु निषाद, रमेश साहू, संतोष साहू, पंचराम साहू, तिहारुराम एवं रूपचंद साहू हर वर्ष होली के अवसर पर घर-घर जाकर इस पारंपरिक नृत्य का प्रदर्शन करते हैं और अपनी लोक संस्कृति व परंपरा को जीवित रखने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
इसी क्रम में वयोवृद्ध जनों का दल पूर्व जिला पंचायत सदस्य चन्द्रशेखर साहू के निवास पहुंचा, जहां उन्होंने उत्साह और उमंग के साथ कुहकी डंडा नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक गीतों और डंडा नृत्य की लय पर बुजुर्गों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह दृश्य गांव की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत कर रहा था। इस अवसर पर चन्द्रशेखर साहू ने सभी वयोवृद्ध जनों का गुलाल लगाकर एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि हमारे गांवों की लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान हैं। आज के समय में जब कई लोक परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं, ऐसे में हमारे बुजुर्ग इन परंपराओं को जीवित रखकर नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों का दायित्व है कि वे अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं, ताकि हमारी समृद्ध संस्कृति सदैव जीवंत बनी रहे। इस अवसर पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि छन्नू साहू, डॉ. डी.के. डड़सेना, चितरंजन साहू, ईश्वर साहू, लेखराम वर्मा, मनोज साहू सहित मोहल्लेवासी उपस्थित रहे और वयोवृद्धों का सम्मान करते हुए होली पर्व की खुशियां साझा कीं।
इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें..



