क्षेत्र का विकास और नौनिहालों का भविष्य मेरी प्राथमिकता है, अच्छे वातावरण में ही अच्छी शिक्षा संभव है- विधायक रोहित
रानुप्रिया(रायपुर):- राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के लगातारों प्रयासों से क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए नित-निरंतर सौगातें मिल रही हैं। इसी क्रम में जिले के राजिम और बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा के अनेक स्कूल भवनों की स्वीकृति विधायक रोहित साहू की अनुशंसा से प्राप्त हुई है जिससे शिक्षा जगत में उत्साह की नई लहर दौड़ गई है। विधायक साहू की विशेष अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ शासन ने गरियाबंद जिले के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्कूल भवनों के निर्माण के लिए भारी-भरकम राशि की स्वीकृति प्रदान की है। प्रत्येक स्कूलों के लिए 11.84 लाख रुपए की राशि स्वीकृति हुई है जिसमें राजिम विधानसभा क्षेत्र के तीन स्कूल भवनों क्रमशः माध्यमिक विद्यालय डिपरापारा लोहरसी विकासखंड फिंगेश्वर, माध्यमिक विद्यालय रजकट्टी विकासखंड फिंगेश्वर तथा माध्यमिक विद्यालय हरदी विकासखंड गरियाबंद हेतु कुल 35.49 लाख रुपए की स्वीकृति शामिल है। इसी प्रकार मैनपुर ब्लॉक के माध्यमिक विद्यालय गोना, तौरेंगा और गोपालपुर, देवभोग ब्लॉक के माध्यमिक विद्यालय डूमरपीटा तथा छुरा ब्लॉक के माध्यमिक विद्यालय हीराबतर हेतु प्रत्येक के लिए 11.84 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस प्रकार बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्कूल भवनों के लिए 59.2 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। दोनों विधानसभा क्षेत्र मिलाकर कुल स्वीकृति 94.69 लाख रुपए शामिल हैं। लंबे समय से क्षेत्र के कई स्कूलों में जर्जर भवनों और कमरों की कमी के कारण छात्रों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। विधायक रोहित साहू ने जनता से वादा किया था कि शिक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसी क्रम में उन्होंने लगातार शासन स्तर पर स्कूल भवनों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा, जिसके परिणामस्वरूप अब राशि स्वीकृत हो गई है। इससे उन गांवों में नए भवन बनेंगे जहाँ वर्तमान में पर्याप्त जगह नहीं है। छात्र संख्या के आधार पर कई हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में छात्र-छात्राओं को सुविधाएं प्राप्त होंगी और जर्जर हो चुके पुराने भवनों से छुटकारा मिलेगा।
विधायक रोहित साहू ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि क्षेत्र का विकास और नौनिहालों का भविष्य मेरी प्राथमिकता है। अच्छे वातावरण में ही अच्छी शिक्षा संभव है। मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी और शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव जी का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने राजिम विधानसभा सहित गरियाबंद जिले के बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए इस बजट को मंजूरी दी।
इस घोषणा के बाद गरियाबंद जिले के शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक के इस सक्रिय कदम की सराहना करते हुए इसे राजिम विधानसभा के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें..



