Breaking
13 Jul 2026, Mon

kalchakranews24 अटल शताब्दी वर्ष समारोह में किरवई को मिली गौरवपथ की सौगात

रानुप्रिया(रायपुर):- समीपस्थ ग्राम पंचायत किरवई में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर 37.23 लाख रुपए की लागत से बनने वाले गौरवपथ का गरिमामयी समारोह में भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह गौरवपथ मुख्य मार्ग से ग्राम के प्रमुख धार्मिक स्थल पुजेरिन दाई मंदिर को सीधे जोड़ेगी। इस गौरव पथ की सौगात मिलने से गाँव में विकास कार्यों की एक नई कड़ी जुड़ गई। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के मुख्य आतिथ्य में पूरे विधि विधान से भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने की। विशिष्ट भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, भाजपा जिला मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, सरपंच वेदकुमारी साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू, महामंत्री रेणुका साहू, सरपंच प्रतिनिधि हेमंत साहू आदि उपस्थित रहे।

सर्वप्रथम अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर पूजा अर्चना कर कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इस गरिमामय समारोह में अटल शताब्दी वर्ष को यादगार बनाते हुए जनप्रतिनिधियों ने गांव में विकास कार्य की नई सौगात दी। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ सबका विकास” के उद्देश्य से जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की सौगात हर गांव में दे रही है। आज हमने जिस गौरवपथ का भूमिपूजन किया है वह इस गांव के प्रमुख धार्मिक स्थल मां पुजेरिन दाई धाम तक सीधे जोड़ने की पहल है। इस गौरवपथ के निर्माण होने से हमारी आराध्य देवी मां पुजेरिन दाई के प्रांगण तक पहुंच सरलता से होगी। इसके पूर्व में भी लाखों रुपए के विकास कार्य इस किरवई गांव में और पुजेरिन दाई के धाम में हमने करके दिखाया है। यह नया गौरवपथ आवागमन को सुगम बनाएगा और पुजेरिन दाई धाम तक पहुंचने में भक्तों को सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अटल शताब्दी वर्ष के विषय पर प्रकाश डालते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि कहा कि अटल जी हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और हम सभी के सर्वमान्य नेता थे, वे विपक्ष का सम्मान करने वाले, आलोचना को स्वीकार करने वाले और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने वाले नेता थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व यह सिखाता है कि सत्ता से बड़ा राष्ट्रहित और पद से बड़ा कर्तव्य होता है। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि अटल जी का जीवन सुशासन और विकास के प्रति समर्पित था। यह गौरवपथ उनके विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। श्रद्धेय अटल जी के बारे में ज्यादा कहना सूरज को रौशनी दिखाने के समान है।

अटल शताब्दी वर्ष हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। शताब्दी वर्ष में जो भी विकास कार्यों की सौगात मिल रही है वो श्रद्धेय अटल जी के द्वारा बनाई गई मजबूत नींव के कारण संभव हो रहा है। उन्होंने गौरवपथ की सौगात मिलने पर ग्रामीणों को बधाई देते हुए इसे विकास और उन्नति की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।

कार्यक्रम को उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रमुख रूप सेसुरेन्द्र सोनटेके, रामाधार साहू, ओमप्रकाश साहू, बाबूलाल साहू, मोती निषाद, महेश साहू, चेमन तारक, कमलनारायण, तुका तारक, मोती साहू, भागवत साहू सहित आसपास के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।


इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें..