रानुप्रिया(रायपुर):- नवगठित परिक्षेत्र साहू समाज जेंजरा के तत्वावधान में साहू समाज की आराध्य देवी भक्त माता कर्मा की जयंती के पावन अवसर पर 4 मई 2026 सोमवार को ग्राम कसेरूडीह में एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस एकदिवसीय आयोजन में सामाजिक अधिवेशन के साथ-साथ सेवा और सम्मान का कार्यक्रम भी संपन्न होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक श्री रोहित साहू जी होंगे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति को देखते हुए समाज द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। विधायक महोदय के गांव पहुंचने पर सामाजिक युवाओं द्वारा युवा प्रकोष्ठ के परिक्षेत्र अध्यक्ष दीपक साहू के नेतृत्व में भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से उन्हें कार्यक्रम स्थल तक ससम्मान लाया जाएगा। इस जयंती समारोह में स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर,नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा साथ ही समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभूतियों का भी सम्मान किया जाएगा। परिक्षेत्र साहू समाज जेंजरा के अध्यक्ष डॉ. टुमन लाल साहू ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नवगठित परिक्षेत्र का यह वार्षिक अधिवेशन समाज की एकता और अखंडता को प्रदर्शित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने क्षेत्र के समस्त स्वजातीय बंधुओं और ग्रामीणों से अपील की है कि इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और सामाजिक एकजुटता का परिचय दें। आयोजन समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और पूरे क्षेत्र में इस भव्य आयोजन को लेकर उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें..



