Breaking
16 Jun 2026, Tue

रानुप्रिया(रायपुर):- नगर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर हर्षोल्लास के साथ शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर में नवनिर्मित टीन शेड का लोकार्पण भी मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा किया गया, जिससे अब छात्राओं को धूप और बारिश से राहत मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती देवकी साहू, नगरपालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय राजिम की जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सुश्री छाया राही एवं वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद श्रीमती जानकी पटेल विशेष रूप से शामिल हुईं।

शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर विद्यालय की नई और पुरानी छात्राओं का आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने छात्राओं को तिलक लगाया, फूलमाला पहनाया,मिठाई खिलाई और उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छात्राओं के मन में अलग ही उत्साह देखने को मिला।

शिक्षा ही सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम : विधायक रोहित साहू
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही एक सशक्त समाज की नींव है। आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। शासकीय कन्या शाला में छात्राओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। नवनिर्मित टीन शेड से छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में बड़ी सहूलियत होगी। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा के साथ बच्चों के भविष्य को संवारें और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के बच्चों तक पहुंचाएं। हमारी सरकार बेटियों की शिक्षा और उनके स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की दूरगामी सोच और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संकल्प का ही परिणाम है कि आज सुदूर अंचलों तक बेटियों के लिए उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण, नि:शुल्क पुस्तकें और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं छात्राओं के हौसलों को नई उड़ान दे रही हैं। मैं सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। नगरपालिका अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि नगर के इस कन्या विद्यालय का विकास हमारी प्राथमिकता है। शाला प्रवेशोत्सव एक उत्सव की तरह है जो बच्चों में नई ऊर्जा भरता है। शिक्षा किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर चरित्र निर्माण का माध्यम है। हम सब मिलकर स्कूल की हर बुनियादी जरूरत को पूरा करने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। बेटियां आगे बढ़ेंगी तभी हमारा नगर और देश प्रगति करेगा। अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के श्रीमती देवकी साहू ने कहा कि एक शिक्षालय को सुचारू रूप से चलाने में शिक्षक, पालक और प्रबंधन समिति का त्रिवेणी संगम होना जरूरी है। शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से हमारा हमेशा यह प्रयास रहता है कि छात्राओं को पढ़ाई के लिए सुरक्षित और सकारात्मक माहौल मिले। पालकों से मेरा अनुरोध है कि वे अपनी बेटियों की पढ़ाई की नियमित रूप से निगरानी करें और उन्हें नियमित स्कूल भेजें। नगरपालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर ने कहा कि स्कूल की शिक्षा पूरी करने के बाद आप सभी को कॉलेज की दहलीज पर कदम रखना है। स्कूली जीवन आपकी नींव को मजबूत करता है। आज के समय में बेटियां हर क्षेत्र में, चाहे वह खेल हो, विज्ञान हो या राजनीति, पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। आप खुद को कभी कमजोर न समझें। अपनी प्रतिभा को पहचानें और उच्च शिक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय के अध्यक्ष सुश्री छाया राही का और वार्ड नंबर 3 की पार्षद श्रीमती जानकी पटेल तथा अन्य अतिथियों ने भी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान प्रमुख रूप से नगरपालिका के पार्षदगण तुषार कदम,आकाश राजपूत, टंकू सोनकर,अजय पटेल,भारत यादव, बीआरसीसी,शाला परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनभागीदारी समिति के सदस्य, नवप्रवेशी छात्राएं और भारी संख्या में पालक गण उपस्थित थे।


इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *