गरियाबंद के सर्वांगीण विकास को लेकर संजीदा दिखे में विधायक रोहित साहू, अतिक्रमण पर सख्ती और आधुनिक जनसुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

रानुप्रिया(रायपुर):- गरियाबंद को जिला मुख्यालय की गरिमा के अनुरूप विकसित करने के लिए राजिम विधानसभा क्षेत्र विधायक रोहित साहू काफी संजीदगी से लगे हुए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को वे जिला मुख्यालय के दौरे पर रहे। गरियाबंद नगर के कायाकल्प और इसके सर्वांगीण विकास को लेकर उन्होंने नगर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उनके इस दौरे से गरियाबंद को जिला मुख्यालय की गरिमा और पहचान के अनुरूप एक आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में विधायक रोहित साहू ने नगर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान विधायक श्री रोहित साहू ने छीन तालाब, मरहिन डबरी एवं नया तालाब क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। तालाबों के आसपास फैले अतिक्रमण पर गहरी नाराजगी जताते हुए विधायक ने अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने कहा कि तालाबों के प्राकृतिक स्वरूप को हर हाल में बहाल किया जाएगा। इसके साथ ही मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि अतिक्रमण से प्रभावित होने वाले पात्र परिवारों को नियमानुसार व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए। समीक्षा के दौरान कुछ निर्माण कार्यों में तकनीकी और गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं इस पर विधायक ने संबंधित निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों से कार्य को दुरूस्त करने की बात कही। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग होगी और यदि भविष्य में कोई चूक पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला मुख्यालय में बनेगा दो मंजिला हाईटेक यात्री प्रतीक्षालय
नगरवासियों और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए विधायक ने एक बड़ी परियोजना की घोषणा की है। गरियाबंद में जल्द ही एक अत्याधुनिक दो मंजिला और हाईटेक यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण किया जाएगा।इसमें यात्रियों के लिए विशाल प्रतीक्षालय, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, उत्तम प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। प्रथम तल पर बाहर से आने वाले यात्रियों, जरूरतमंदों और अस्थायी प्रवासियों के लिए रात्रि विश्राम और सुरक्षित ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त आश्रय स्थल बनाया जाएगा। विधायक ने स्पष्ट किया कि नगर के तालाबों का संरक्षण, यातायात व्यवस्था का सरलीकरण, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आने वाले समय में गरियाबंद विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। इस निरीक्षण और समीक्षा बैठक के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर,नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव,नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री आशिफ मेमन, भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, पार्षद विष्णु मरकाम, खेमसिंह बघेल,सुरज सिन्हा, सुरेन्द्र सोनटेके, बिंदु सिन्हा, रेणुका साहू, पुष्पा साहू, राधेश्याम सोनवानी, सागर मयानी,मंडल अध्यक्ष सुमित पारख,अमित बखारिया, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी एवं तहसीलदार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हम गरियाबंद के सुरक्षित और आधुनिक भविष्य की नींव रख रहे हैं : रोहित साहू
विधायक रोहित साहू ने कहा कि गरियाबंद हमारा जिला मुख्यालय है और इसकी गरिमा के अनुरूप विकास करना तथा इसे निखारना मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है । सभी कमियों को दूर कर गरियाबंद को एक मॉडल सिटी के रूप में स्थापित करना है। हमारा दृष्टिकोण बहुत स्पष्ट है विकास ऐसा हो जो टिकाऊ हो, पारदर्शी हो और जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। हम गरियाबंद के पारंपरिक स्वरूप को भी बचाएंगे और इसे आधुनिकता से भी जोड़ेंगे। एक तरफ जहां हमारे पारंपरिक तालाबों का सौंदर्यीकरण कर उनका संरक्षण किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ हाईटेक यात्री प्रतीक्षालय जैसी आधुनिक अधोसंरचना का निर्माण कर हम बाहरी प्रवासियों और स्थानीय नागरिकों को महानगरीय सुविधाएं प्रदान करेंगे। अतिक्रमण पर हमारी सख्ती गरियाबंद की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहर को व्यवस्थित करने के लिए है। हम प्रभावितों के पुनर्वास के लिए भी पूरी तरह संवेदनशील हैं। मैं प्रशासनिक अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से साफ कह देना चाहता हूँ कि जनता का एक-एक पैसा बहुत कीमती है। जनहित के पैसों का सही और पारदर्शी उपयोग होना चाहिए। कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा में ढिलाई बरतने वालों के लिए इस व्यवस्था में कोई जगह नहीं है। हमें एक सजग नागरिक के रूप में गरियाबंद को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और विकसित बनाने में अपना योगदान देना है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि गरियाबंद के विकास का यह पहिया अब रुकने वाला नहीं है। हम मिलकर विकास का एक नया इतिहास लिखेंगे।
इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें…



