रानुप्रिया(रायपुर):- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर शासकीय रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) राजिम में विद्यालय की एनसीसी इकाई द्वारा भव्य सामूहिक योगाभ्यास एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे एवं स्वयं भी योगाभ्यास किया साथ ही नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव एवं पार्षदगण तुषार कदम,आकाश सिंह राजपूत, सोमनाथ पटेल ,भारत यादव,सुरेश पटेल ,बलराम यादव, के अलावा विकासखंड शिक्षा अधिकारी हेमंत साहू, बीआरसीसी सुभाष शर्मा, स्वास्थ विभाग से डॉ वीरेंद्र हिरोंदिया विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. ध्रुव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में सेजेस विद्यालय के छात्र-छात्राओं, पालकों, शिक्षकों, आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स तथा विद्यालय में संचालित निःशुल्क सैनिक भर्ती प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित प्रतिभागियों ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। पूरे विद्यालय परिसर में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता का वातावरण दिखाई दिया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से स्वस्थ और आत्मिक रूप से ऊर्जावान बनाता है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय में एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित निःशुल्क सैनिक भर्ती प्रशिक्षण से भारतीय सेना में चयनित तीन युवाओं का सम्मान समारोह रहा। विधायक रोहित साहू ने चयनित युवाओ जितेंद्र सोनकर बीएसएफ, पार्वती साहू अग्निवीर, ईशा साहू नगर सेना को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर विधायक ने सागर शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निःशुल्क सैनिक भर्ती प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करना अत्यंत प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय कार्य है।ऐसे सकारात्मक कार्य युवाओं को राष्ट्रसेवा की दिशा में प्रेरित करते हैं। उपस्थित अतिथियों ने चयनित युवाओं की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ग्रामीण एवं अंचल क्षेत्रों के युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। सम्मानित युवाओं ने भी अपनी सफलता का श्रेय नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और मार्गदर्शन को दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन डिगेश शर्मा ने किया।
इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें…



