Breaking
24 May 2026, Sun

kalchakranews24 तेंदुए के हमले से घायल 10 वर्षीय बालक से मिलने मेकाहारा पहुंचे विधायक रोहित साहू

रानुप्रिया(रायपुर):- गरियाबंद वनमण्डल अंतर्गत वन परिक्षेत्र गरियाबंद के ग्राम कोदोबतर में पिछले दिनों तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 10 वर्षीय बालक धनेश कमार पिता पुन्नू राम कमार का हालचाल जानने राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल मेकाहारा पहुंचे। विधायक ने अस्पताल के वार्ड में जाकर पीड़ित बालक और उसके परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और बच्चे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। यह दर्दनाक घटना बीते 21 मई को गरियाबंद परिक्षेत्र के ग्राम कोदोबतर चट्टान पारा में घटित हुई थी जहां अपने घर के आंगन में खेल रहे मासूम धनेश पिता पुन्नू राम कमार पर तेंदुए ने अचानक हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही विधायक रोहित साहू ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल गरियाबंद जिला कलेक्टर, डीएफओ (और सीएमएचओ से फोन पर चर्चा की थी। विधायक के निर्देशों के बाद बालक को बेहतर और त्वरित इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से गरियाबंद जिला अस्पताल से तत्काल रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में रेफर कर भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों को दिए समुचित व्यवस्था के निर्देश, की आर्थिक मदद
मेकाहारा पहुंचे विधायक रोहित साहू ने डॉक्टरों की टीम से चर्चा कर बच्चे के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों को निर्देशित किया कि बालक के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और दवाइयों से लेकर हर जरूरी चिकित्सकीय सुविधा समय पर सुनिश्चित की जाए। इस दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और हम पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। मासूम धनेश को सर्वोत्तम इलाज मिले यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मासूम धनेश का इलाज फिलहाल डॉक्टरों की गहन निगरानी में चल रहा है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पीड़ित परिवार को विधायक ने अपनी ओर से परिजनों को तत्काल नगद आर्थिक सहायता भी प्रदान की ताकि अस्पताल में रुकने और अन्य जरूरतों में उन्हें कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार मिलने वाली त्वरित मुआवजा राशि भी जल्द से जल्द परिवार को सौंपने के निर्देश दिए हैं।


इसी नंबर को व्हाट्सएप में प्रयोग करें..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *